शिक्षा से ही बनेगा सशक्त समाज, हर बच्चे का स्कूल में नामांकन सुनिश्चित करें : जिलाधिकारी

स्कूल चलो अभियान (द्वितीय चरण) का शुभारंभ, डीएम ने प्रचार वाहन को दिखाई हरी झंडी

-मिशन कायाकल्प के तहत विद्यालयों में स्वच्छता और बेहतर सुविधाओं पर विशेष जोर

-उत्कृष्ट शिक्षकों, ग्राम प्रधानों एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का को किया गया सम्मानित

  • रिपोर्ट शाहबाज़ खां

रामपुर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि बेहतर जीवन जीने, सरकारी योजनाओं का लाभ लेने, बैंकिंग, डिजिटल सेवाओं तथा दैनिक आवश्यकताओं को सहज रूप से पूरा करने के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

यह बात उन्होंने विकास भवन सभागार में आयोजित स्कूल चलो अभियान (द्वितीय चरण) के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।

जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं व्यक्तित्व निर्माण का आधार है। इसलिए प्रत्येक बच्चे का नियमित रूप से विद्यालय जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, शौचालयों की समुचित व्यवस्था तथा स्वच्छ एवं आकर्षक वातावरण बनाए रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि ग्राम प्रधानों के सहयोग से प्रत्येक विद्यालय में मानदेय के आधार पर एक सफाई कर्मी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

An empowered society is built through education; ensure every child is enrolled in school: District Magistrate

उन्होंने कहा कि विद्यालयों का वातावरण बच्चों के लिए आकर्षक एवं प्रेरणादायी होना चाहिए। मिशन कायाकल्प के अंतर्गत स्वीकृत सभी कार्यों को ग्राम प्रधान प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराएं, जिससे परिषदीय विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं में और सुधार हो सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन में शिक्षक एवं ग्राम प्रधानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। वे घर-घर जाकर अभिभावकों से संवाद स्थापित करें, उन्हें शिक्षा के महत्व से अवगत कराएं तथा बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करें।

उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि जिन बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र अभी तक नहीं बने हैं, उनके प्रमाण पत्र प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र तैयार कराए जाएं ताकि नामांकन में किसी प्रकार की बाधा न आए।

उन्होंने विद्यालयों में संचालित मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं नियमितता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, जिससे बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध हो तथा उनकी विद्यालयों में उपस्थिति बढ़े।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार है। समाज के समेकित विकास के लिए आवश्यक है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने शिक्षकों, ग्राम प्रधानों एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से इस अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन कराना तथा उसकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने शिक्षकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क करने तथा विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने मिशन कायाकल्प के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रधानों तथा नामांकन अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान मॉडल मॉन्टेसरी विद्यालय में कक्षा-1 में प्रवेश लेने वाले दो नवप्रवेशी बच्चों को पाठ्य पुस्तकें भी वितरित की गईं। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने स्कूल चलो अभियान (द्वितीय चरण) के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कल्पना देवी ने बताया कि स्कूल चलो अभियान का द्वितीय चरण 01 जुलाई से 15 जुलाई तक संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी परिषदीय विद्यालयों में नामांकन जागरूकता रैलियां, जनसंपर्क एवं विशेष अभियान चलाए जाएंगे। इसका उद्देश्य 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना तथा अभिभावकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति जागरूक करना है।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान विशेष रूप से ईंट-भट्ठों पर कार्य करने वाले श्रमिकों के बच्चों, दिव्यांग बच्चों तथा किसी कारणवश पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों को पुनः विद्यालयों से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों, शिक्षकों, ग्राम प्रधानों एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने जनपद के प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ने तथा स्कूल चलो अभियान को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

सम्मानित शिक्षक:
अभिषेक पाठक, नसरीन बी., मेहनाज शकील, भूपेन्द्र देव, दिलीप कुमार एवं ब्रजपाल।
सम्मानित ग्राम प्रधान:
प्रेमवती, मोहम्मद इस्लाम, लक्ष्मण गिरी, शबाना बी. एवं विजयपाल।
सम्मानित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां:
फहीमजहां, अलका रानी, कविता शंकर, रूबी एवं इंद्रा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.