जिला कृषि अधिकारी ने की उर्वरक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, 03 नमूने जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए।

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खान

रामपुर: खरीफ फसलों की बुवाई के दृष्टिगत जनपद में किसानों को निर्धारित दरों पर गुणवत्तापूर्ण एवं टैगिंग रहित उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला कृषि अधिकारी कुलदीप सिंह राणा ने गुरुवार विभिन्न उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान चलाया।

अभियान के दौरान रजा एग्री जंक्शन, चमरौआ, ज्योतिपथ, गंगापुर कदीम तथा किसान सेवा केन्द्र, गंगापुर कदीम से उर्वरकों के एक-एक नमूने लिए गए। इन सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त बिलाल एग्रो एजेंसी, नवीन मंडी, एस. खान फर्टीलाइजर्स तथा रामपुर ट्रेडर्स, नवीन मंडी का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान इन प्रतिष्ठानों पर कोई अनियमितता नहीं पाई गई।

जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक निर्धारित मूल्य पर उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनपद में उर्वरकों की बिक्री, भंडारण एवं वितरण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। यदि किसी विक्रेता द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक दर वसूलने, टैगिंग करने, कालाबाजारी करने अथवा अन्य किसी प्रकार की अनियमितता की जाती है, तो उसके विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश एवं प्रचलित नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने किसानों से अपील की है कि उर्वरक खरीदते समय अधिकृत विक्रेता से ही खरीदारी करें, रसीद अवश्य प्राप्त करें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना तत्काल कृषि विभाग को दें।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.