- रिपोर्ट: शाहबाज़ खान
रामपुर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी आनन्द कुमार सिंह की अध्यक्षता में कार्यालय कक्ष में मतदेय स्थलों के सम्भाजन के संबंध में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदेय स्थलों के सम्भाजन के संबंध में समय-सारिणी निर्धारित की गई है। इसके अनुसार 4 जुलाई 2026 को आपत्तियों एवं सुझावों के लिए मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसी दिन आलेख्य सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि 18 जुलाई 2026 को वर्तमान सांसद, विधायकगण एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों का निस्तारण किया जाएगा, जिसके उपरांत मतदेय स्थलों की सूची को अंतिम रूप प्रदान किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने आगे बताया कि 25, 27 एवं 28 जुलाई 2026 को सभी आवश्यक संलग्नकों सहित मतदेय स्थलों का प्रस्ताव आयोग के अनुमोदन हेतु मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को प्रेषित किया जाएगा। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
