विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ, जनजागरूकता रैली से दिया स्वच्छता और सतर्कता का संदेश
1 जुलाई से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान, 11 जुलाई से दस्तक अभियान
-घर-घर पहुंचेगा दस्तक अभियान, संचारी रोगों की होगी प्रभावी रोकथाम
- रिपोर्ट: शाहबाज़ खान
रामपुर जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से बुधवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर से निकाली गई जागरूकता रैली को रामपुर नगर विधायक आकाश सक्सेना एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपा सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संचारी रोगों की रोकथाम और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जिला मलेरिया अधिकारी कार्यालय पहुंची। जनपद में 1 से 31 जुलाई तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 11 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग, नगर निकायों एवं अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से गांवों और शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम, कूड़ा निस्तारण, झाड़ियों की कटाई, एंटी लार्वा दवा का छिड़काव तथा फॉगिंग कराई जाएगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि संचारी रोगों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय स्वच्छता और जनसहभागिता है। उन्होंने लोगों से अपने घरों एवं आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा बुखार या अन्य संचारी रोग के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत सरकारी अस्पताल में जांच एवं उपचार कराने की अपील की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपा सिंह ने बताया कि दस्तक अभियान के दौरान आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार, आईएलआई, एसएआरआई, टीबी, फाइलेरिया, कालाजार तथा कुपोषित बच्चों की पहचान करेंगी। साथ ही मच्छरों के प्रजनन स्थलों को चिन्हित कर प्रभावी नियंत्रणात्मक कार्रवाई की जाएगी। अभियान के माध्यम से लोगों को सुरक्षित पेयजल, हाथों की स्वच्छता, शौचालय के नियमित उपयोग तथा मच्छरजनित रोगों से बचाव के उपायों के प्रति भी जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सत्यप्रकाश, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. चहल, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. राजीव कुमार वर्मा, जिला मलेरिया अधिकारी संजय सिंह चौहान, एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. ताहिर, सहायक मलेरिया अधिकारी राजेश कुमार राय, बायोलॉजिस्ट देवेंद्र कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
