- रिपोर्ट: मंजय वर्मा
मिर्जापुर। मड़िहान क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बहरछठ में बाउंड्री वॉल गिरने से एक छात्र की दर्दनाक मौत के मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) अनिल कुमार वर्मा ने विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अर्जुन कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
गौरतलब है कि विद्यालय परिसर की बाउंड्री वॉल गिरने से उसकी चपेट में आने पर एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई, जिसके आधार पर प्रभारी प्रधानाध्यापक के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
बीएसए अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर प्रभारी प्रधानाध्यापक अर्जुन कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।
