कल रामपुर दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, शाहबाद में जनसभा को करेंगे संबोधित
1200 पुलिसकर्मी, दो कंपनी PAC और 10 सीओ तैनात, करोड़ों की विकास योजनाओं की मिल सकती है सौगात
रामपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को रामपुर दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है और कार्यक्रम स्थल सहित आसपास के क्षेत्रों में व्यापक इंतजाम किए गए हैं
मुख्यमंत्री का रामपुर पहुंचने का कार्यक्रम सुबह करीब 10 बजे निर्धारित है। उनके आगमन को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सुरक्षा की दृष्टि से बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री शाहबाद क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वह विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर सकते हैं। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री रामपुरवासियों को करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की सौगात भी दे सकते हैं
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर कार्यक्रम स्थल पर बैरिकेडिंग, यातायात व्यवस्था, पार्किंग और सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं
रामपुर अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री की शाहबाद में जनसभा प्रस्तावित है। जनसभा स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत दो अपर पुलिस अधीक्षक, 10 क्षेत्राधिकारी, दो कंपनी पीएसी तथा लगभग 1200 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, जिनमें ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में भी उत्साह का माहौल है। प्रशासन ने आमजन से यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है.
