- रिपोर्ट: डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
(रॉबर्ट्सगंज)सोनभद्र। पुलिस लाइन स्थित सभागार में 28 जून को अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार की अध्यक्षता में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक आयोजित हुई। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा ने कहा कि 1 जुलाई से विद्यालय खुलने के साथ नगर में सुबह 8 बजे से लागू नो एंट्री व्यवस्था दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है, क्योंकि अधिकांश विद्यालय सुबह 7 बजे से संचालित होते हैं। उन्होंने बढ़ौली चौराहा, डीएवी स्कूल, जयपुरिया स्कूल मोड़ सहित अन्य विद्यालयों के पास पुलिसकर्मी तैनात करने अथवा नो एंट्री का समय एक घंटा आगे बढ़ाने की मांग की। साथ ही चुर्क मोड़ स्थित सर्किट हाउस तिराहे पर यात्रियों के लिए यात्री प्रतीक्षालय, मौसम से बचाव की व्यवस्था और पुलिस पिकेट स्थापित करने की आवश्यकता भी बताई।
बैठक में कौशल शर्मा ने वर्ष 2018 में संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हुए खतौनी रजिस्टर का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि 22 फरवरी 2018 को रजिस्टर गायब हुआ था और 4 मार्च 2018 को एफआईआर दर्ज हुई, लेकिन आठ वर्ष बाद भी न तो रजिस्टर बरामद हुआ और न ही सर्वे सूची प्रकाशित की गई। उन्होंने कहा कि इससे भूमि विवाद लगातार बढ़ रहे हैं, इसलिए मामले में संलिप्त लोगों की पहचान सार्वजनिक कर कार्रवाई की जाए। बैठक में राजेश जायसवाल, राजू जायसवाल, नागेंद्र मोदनवाल, विनोद जायसवाल, अमित अग्रवाल, धीरेंद्र जायसवाल, हाजी सलीम हुसैन सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
