अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस पर कानूनी सहायता शिविरों का आयोजन

ऐलनाबाद , 26 जून( एम पी भार्गव ) अंतर्राष्ट्रीय नशा निषेध एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जिले में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों का उद्देश्य नशामुक्त समाज के निर्माण, पर्यावरण संरक्षण तथा आमजन को निःशुल्क कानूनी सहायता के प्रति जागरूक करना रहा।
अभियान के तहत चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय (सीडीएलयू) के कम्युनिटी रेडियो स्टेशन 90.4 एफएम पर कार्यक्रम प्रसारित किया गया। कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता सिंपल रानी ने श्रोताओं को नशे के खिलाफ एकजुट होकर समाज को नशामुक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने हरियाणा में प्रदूषण नियंत्रण, प्लास्टिक उन्मूलन एवं जल संरक्षण अभियान से जुड़ने के लिए भी प्रेरित किया। साथ ही उच्चतम न्यायालय द्वारा आयोजित विशेष लोक अदालत समाधान शिविर के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी।
इसके अतिरिक्त सिविल अस्पताल, होली नर्सिंग होम, विश्वास अस्पताल, नोबल अस्पताल, नूर मनोरोग अस्पताल तथा अमृत अस्पताल सहित जिले के विभिन्न प्रमुख अस्पतालों में कानूनी जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों का संचालन पैनल अधिवक्ता बी. के. दिवाकर, रामबीर सिंह पीपल, नितिका, बलबीर कौर गांधी, अनीता बंसल एवं अनीता कालरा के साथ-साथ पैरा लीगल वालंटियर्स (पीएलवी) सुभाष चंद्र चुघ, अर्शदीप, मोनू, विनोद कुमार, बलवान सिंह, सुखदेव तथा परवीन ने किया।
शिविरों में चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ के सहयोग से मरीजों और उनके परिजनों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए आवश्यक कदम उठाने का संदेश भी दिया गया। इस दौरान नालसा की टोल फ्री हेल्पलाइन 15100 की जानकारी देते हुए बताया की पात्र व्यक्ति इस नंबर पर संपर्क कर निशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकता है.

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.