SIT रिपोर्ट के बाद सीएम योगी का बड़ा बयान, बोले- अयोध्या पर आक्षेप मत करो, रामभक्तों की आस्था से खिलवाड़ न करें

अयोध्या। अयोध्या मामले में विशेष जांच दल (SIT) की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर पहली एफआईआर दर्ज होने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि एसआईटी की रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी और अब रिपोर्ट आने के साथ ही कार्रवाई शुरू हो चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या करोड़ों लोगों की आस्था का प्रतीक है, इसलिए इस पवित्र नगरी पर बेबुनियाद आक्षेप लगाने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम की मर्यादा का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है।

सीएम योगी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग आज अयोध्या पर सवाल उठा रहे हैं, उनकी मंशा ठीक नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि यही लोग कभी भगवान राम के अस्तित्व को नकारते थे और कहते थे कि राम हुए ही नहीं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग वर्षों तक अयोध्या की आस्था को भी नकारते रहे।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि एक दूसरा वर्ग वही है, जिसने ‘जय श्रीराम’ के नारों पर लाठी-गोली चलवाई, रामनवमी के अवसर पर दंगे हुए और कांवड़ यात्रा पर प्रतिबंध लगाए। उन्होंने सवाल किया कि ऐसे लोग अब आस्था पर सरकार को उपदेश कैसे दे सकते हैं।

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस ने केवल देश को लूटा ही नहीं, बल्कि उसे नोचने का भी काम किया। उन्होंने दोहराया कि सरकार की मंशा शुरू से साफ रही है कि “दूध का दूध और पानी का पानी” किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि रामभक्तों की अग्निपरीक्षा न ली जाए और उनकी आस्था के साथ खिलवाड़ न किया जाए। यदि किसी के पास कोई प्रमाण है तो वह सार्वजनिक बयानबाजी करने के बजाय एसआईटी के समक्ष प्रस्तुत करे, ताकि निष्पक्ष जांच के आधार पर उचित कार्रवाई हो सके।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.