काशी में सजी क्रिकेटर आकाशदीप की शाही शादी, शिव मंदिर थीम वाले मंडप में अक्षिता संग लिए सात फेरे
बनारसी संस्कृति और आधुनिकता का दिखा अनूठा संगम, पवन सिंह समेत 300 से अधिक मेहमान रहे शामिल
वाराणसी। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाशदीप गुरुवार को काशी में वैवाहिक बंधन में बंध गए। शहर के एक भव्य होटल में आयोजित इस शाही विवाह समारोह में बनारस की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और आधुनिक व्यवस्थाओं का अनूठा संगम देखने को मिला। शिव मंदिर की थीम पर सजे भव्य मंडप में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आकाशदीप और अक्षिता ने सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया।
विवाह समारोह को खास बनाने के लिए मंडप को काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के अनुरूप सजाया गया था। काशी के विद्वान आचार्यों ने द्वार पूजा से लेकर फेरे तक सभी वैवाहिक रस्में विधि-विधान के साथ संपन्न कराईं। दूल्हे आकाशदीप ने भी अपनी शादी में पूरी तरह बनारसी रंग अपनाया। बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर उन्होंने जमकर नृत्य किया, जिसका मेहमानों ने खूब आनंद उठाया।
इसके बाद दुल्हन अक्षिता ने आकाशदीप को वरमाला पहनाई और दोनों ने एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया। शादी समारोह में भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और लोकप्रिय गायक पवन सिंह भी शामिल हुए। उन्होंने नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं देते हुए समारोह की रौनक बढ़ा दी।
समारोह में करीब 300 से अधिक विशिष्ट मेहमान शामिल हुए। सुरक्षा और गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए होटल में प्रवेश के लिए क्यूआर कोड आधारित व्यवस्था की गई थी। मेहमानों के लिए विशेष बनारसी व्यंजनों के साथ कई अंतरराष्ट्रीय पकवान भी परोसे गए। बताया जा रहा है कि एक थाली की कीमत करीब 4,500 रुपये थी। वहीं दूल्हा-दुल्हन के विशेष श्रृंगार के लिए दिल्ली से मेकअप आर्टिस्ट बुलाए गए थे।
शादी से पहले मेहंदी, संगीत और अन्य पारंपरिक रस्में भी धूमधाम से आयोजित की गईं। विवाह से पूर्व आकाशदीप ने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और जगद्गुरु रामभद्राचार्य से वीडियो कॉल के माध्यम से आशीर्वाद प्राप्त किया। बिहार के रोहतास जिले के सासाराम निवासी आकाशदीप और अक्षिता की यह शाही शादी काशी की सांस्कृतिक गरिमा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने वाली साबित हुई। उल्लेखनीय है कि हाल ही में बिहार सरकार ने आकाशदीप को डीएसपी पद की जिम्मेदारी भी सौंपी है।
