रामपुर में वाणिज्यिक पीएनजी गैस नेटवर्क के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम 

जनपद रामपुर में स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल ईंधन के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई। शहर स्थित द ओपल रेस्टोरेंट में वाणिज्यिक (कमर्शियल) पीएनजी गैस कनेक्शन का शुभारंभ जिला पूर्ति अधिकारी पूरन सिंह चौहान एवं एचपीसीएल के एरिया मैनेजर नीरज कुमार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
इस अवसर पर रेस्टोरेंट के प्रबंधक आयुष, एचपीसीएल के सीनियर इंजीनियर प्रदीप प्रधान, फील्ड इंजीनियर धनंजय प्रसाद, अधिकृत वेंडर फरीद अहमद सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जिला पूर्ति अधिकारी ने पीएनजी गैस के उपयोग से होने वाले लाभों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह पारंपरिक ईंधनों की अपेक्षा अधिक सुरक्षित, किफायती एवं पर्यावरण हितैषी ऊर्जा स्रोत है। उन्होंने व्यवसायिक प्रतिष्ठानों एवं आम नागरिकों से पीएनजी गैस को अपनाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि कनेक्शन के प्रारंभ होने के साथ ही रामपुर नगर में संचालित वाणिज्यिक पीएनजी कनेक्शनों की संख्या बढ़कर 3 हो गई है। इसके अतिरिक्त नगर क्षेत्र में वर्तमान में 2150 घरेलू पीएनजी कनेक्शन भी सफलतापूर्वक संचालित हैं, जिससे बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं सुरक्षित गैस आपूर्ति उपलब्ध कराई जा रही है।
इस दौरान जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि भविष्य में पीएनजी नेटवर्क के और अधिक विस्तार से जनपद में स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.