रामपुर मे अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर शहीद-ए-आज़म स्पोर्ट्स स्टेडियम में खिलाड़ियों के मध्य खेल भावना, अनुशासन एवं आपसी सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बालक एवं बालिका वर्ग की वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
यह जानकारी देते हुए जिला क्रीड़ा अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य खिलाड़ियों को ओलंपिक के मूलभूत मूल्यों उत्कृष्टता (Excellence), मित्रता (Friendship) एवं सम्मान (Respect) के प्रति जागरूक करना तथा खेलों के माध्यम से उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना था। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह एवं खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर खिलाड़ियों को ओलंपिक आंदोलन के इतिहास, महत्व एवं मूल्यों की जानकारी भी प्रदान की गई तथा उन्हें नियमित खेल गतिविधियों में भाग लेने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर प्रशिक्षक फरहत अली खान एवं एथलेटिक्स प्रशिक्षक सौरभ कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
उपस्थित प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि ओलंपिक दिवस केवल खेल प्रतियोगिताओं का उत्सव नहीं है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और उत्कृष्टता की भावना विकसित करने का अवसर भी है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं सहभागिता के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
संदेश
“ओलंपिक दिवस हमें उत्कृष्टता, मित्रता और सम्मान के मूल्यों को अपनाकर खेलों के माध्यम से एक बेहतर समाज के निर्माण की प्रेरणा देता है।”
