अमृतसर देहाती पुलिस का बड़ा एनकाउंटर, दो शूटर गिरफ्तार

पुलिस और बदमाशों के बीच हुई जवाबी फायरिंग, एक आरोपी की टांग में लगी गोली 

अमृतसर देहाती पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए खलचियां इलाके में एनकाउंटर के दौरान दो कथित शूटरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो पिस्तौल भी बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार किए गए दोनों युवक कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।

इस संबंध में जानकारी देते हुए एसएसपी अमृतसर देहाती कवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि विदेश में बैठकर गैंग चलाने वाले अमनदीप सिंह उर्फ मन्ना के दो शूटर खलचियां इलाके में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तकनीकी साधनों और अपने सूत्रों की मदद से दोनों आरोपियों को ट्रेस किया।

एसएसपी ने बताया कि जब पुलिस टीम ने डेमो वाली नहर के पास दोनों संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया, तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। बदमाशों और पुलिस के बीच कुछ समय तक जवाबी फायरिंग हुई। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान एक गोली हीरा सिंह नामक आरोपी की टांग में लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हीरा सिंह और लवप्रीत सिंह के रूप में हुई है। हीरा सिंह के खिलाफ पहले से ही हत्या का एक मामला दर्ज है। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टर अमनदीप सिंह उर्फ मन्ना के लिए काम करते थे, जो यूरोप से अपना गैंग संचालित कर रहा है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक .32 बोर और एक 9 एमएम पिस्तौल बरामद की है। एसएसपी चहल ने कहा कि विदेशों में बैठकर पंजाब में आपराधिक गतिविधियां संचालित करने वाले तत्वों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उन्हें भारत लाने की प्रक्रिया जारी है।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान अन्य आपराधिक वारदातों और गैंग के नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.