विंध्यवासिनी मंदिर परिसर में पत्रकार से कथित मारपीट, वीडियो वायरल होने पर पत्रकारों में रोष

  • रिपोर्ट- मंजय वर्मा

विंध्याचल (मिर्जापुर)। मां विंध्यवासिनी धाम में एक पत्रकार के साथ कथित मारपीट की घटना को लेकर जनपद के पत्रकारों में आक्रोश व्याप्त है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है और निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय पत्रकार रामलाल साहनी अपनी वैवाहिक वर्षगांठ के अवसर पर मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के लिए मंदिर पहुंचे थे। आरोप है कि मंदिर परिसर में ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी ने उन्हें निकास द्वार से प्रवेश करने से रोक दिया। इसके बाद उन्होंने दूसरे मार्ग से दर्शन-पूजन किया।
बताया जाता है कि कुछ समय बाद पत्रकार ने देखा कि वही पुलिसकर्मी अपने परिचित लोगों को निकास द्वार से दर्शन के लिए भेज रहा है। इस दौरान पत्रकार ने कथित रूप से इसका वीडियो बनाना शुरू किया। आरोप है कि वीडियो रिकॉर्डिंग से नाराज पुलिसकर्मी ने पत्रकार के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट की, जिससे वे घायल हो गए।
घटना के बाद घायल पत्रकार रामलाल साहनी ने दोषी पुलिसकर्मी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, जिले के विभिन्न पत्रकार संगठनों और पत्रकारों ने घटना की निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच एवं दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पत्रकारों का कहना है कि यदि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ से जुड़े लोगों के साथ इस प्रकार की घटनाएं होती हैं, तो यह चिंता का विषय है। उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
फिलहाल, घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.