- रिपोर्ट: शाहबाज़ खान
रामपुर के मिलक विधानसभा क्षेत्र के राठौंडा में माया बैंकट में जिला कांग्रेस कमेटी रामपुर द्वारा एक विशाल कार्यकर्त्ता / जनसभा एवं विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बिलासपुर विधानसभा के पूर्व विधायक संजय कपूर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। सभा में किसानों, युवाओं, महिलाओं एवं क्षेत्रीय नागरिकों की भारी भागीदारी रही, जिससे जनाक्रोश स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
अपने संबोधन में पूर्व विधायक संजय कपूर ने केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि आज देश का किसान, नौजवान, व्यापारी और आम नागरिक गंभीर संकटों से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है और खाद की भारी किल्लत के कारण खेती प्रभावित हो रही है। युवाओं का भविष्य NEET पेपर लीक जैसे घोटालों के कारण अंधकारमय होता जा रहा है, जिससे प्रतिभाशाली छात्रों का विश्वास टूट रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, वहीं अनियमित विद्युत कटौती से आम नागरिकों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाकर केवल प्रचार और भ्रम फैलाने का कार्य कर रही है।

कपूर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा किसानों, युवाओं, गरीबों और मध्यम वर्ग के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी पूरी मजबूती के साथ जनता की आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने वर्तमान सरकार को जनविरोधी बताते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि जनता अपने अधिकारों के लिए जागरूक होकर संघर्ष करे।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा सरकार की “बुद्धि-शुद्धि” के लिए वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन किया गया तथा देश, प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की गई। इसके पश्चात कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने जनहित के मुद्दों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष निक्कू पंडित ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार के शासनकाल में जनता का विश्वास पूरी तरह डगमगा गया है। उन्होंने कहा कि किसान खाद और उचित मूल्य के लिए संघर्ष कर रहा है, युवा रोजगार की तलाश में भटक रहा है, और आम नागरिक महंगाई तथा बिजली संकट से परेशान है।

निक्कू पंडित ने भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि, “भारतीय जनता पार्टी कहती है कि उन्हें राम लाए हैं, तो वह दिन दूर नहीं जब उन्हें राम ही सत्ता से दूर करेंगे।”
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के हक और अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से लड़ती रहेगी। कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को उठाते रहेंगे और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे।
सभा में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने यह संकल्प लिया कि जब तक केंद्र एवं प्रदेश की दमनकारी, भ्रष्टाचारी और बेलगाम भाजपा सरकार को उसके अंजाम तक नहीं पहुंचा दिया जाता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
कार्यक्रम में बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र के समस्त बूथ अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, नगर अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
अंत में जिलाध्यक्ष निक्कू पंडित ने सभी उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। नगर अध्यक्ष बाकर अली खां, बिलासपुर ब्लॉक, अध्यक्ष गुरबाज सिंह,ब्लॉक, अध्यक्ष मिलक जिवेन्दर गंगबार, जिवेन्दर शायमपुर ब्लॉक, अध्यक्ष चमरौव्वा राजेश लोधी, वेदराम यादव, कपिल चोधरी, दुर्गेश मौर्य, रवि टंडन, लाइक अहमद बाबू, असलम जावेद, डॉ ज़फर जगदीश अवस्थी,अजीव सिंह साहिर रज़ा खां, नोमान मुमताज़ खां आदि प्रमुख रूप से रहे आयोजन कपिल चोधरी,ने किया संचालन सचिन त्रिवेदी ने किया।
