- रिपोर्ट: इंतज़ार हुसैन
ककराला। ककराला विकास मंच ने समाजवादी पार्टी की बदायूं जिला कार्यकारिणी में अल्पसंख्यक समाज को उचित प्रतिनिधित्व न मिलने पर चिंता व्यक्त की है। मंच का कहना है कि पार्टी द्वारा PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की बात किए जाने के बावजूद नई जिला कार्यकारिणी में अल्पसंख्यक समाज की भागीदारी नगण्य दिखाई देती है।
मंच ने कहा कि स्वर्गीय बनवारी सिंह यादव के कार्यकाल में सभी वर्गों और समाजों को संगठन में सम्मानजनक स्थान मिलता था, जिससे कार्यकर्ताओं में विश्वास और जुड़ाव बना रहता था। जबकि वर्तमान कार्यकारिणी में अल्पसंख्यक समाज की उपेक्षा को लेकर कार्यकर्ताओं और युवाओं में चर्चा एवं निराशा का माहौल है।
ककराला विकास मंच ने सवाल उठाया कि जब “जिसकी जितनी हिस्सेदारी, उसकी उतनी भागीदारी” समाजवादी विचारधारा का मूल सिद्धांत है, तो बदायूं जिला संगठन में इसकी झलक क्यों नहीं दिखाई दे रही है?
मंच ने पार्टी नेतृत्व से मांग की है कि भविष्य की संगठनात्मक नियुक्तियों में सभी वर्गों, विशेषकर अल्पसंख्यक समाज, को सम्मानजनक प्रतिनिधित्व दिया जाए ताकि संगठन और अधिक मजबूत हो सके।
— ककराला विकास मंच
संस्थापक: हकीम मौलाना अफरोज़ ख़ान अलीग
पूर्व अध्यक्ष पद प्रत्याशी, नगर पालिका परिषद ककराला
