ऐलनाबाद, 18 जून(एम पी भार्गव): नामधारी गुरुद्वारा जीवन नगर में श्री सतगुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने कहा कि रक्तदान महादान है क्योंकि यह सीधे-सीधे किसी जरूरतमंद व्यक्ति को जीवन देने का कार्य करता है । उन्होंने कहा कि एक छोटा सा प्रयास किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। इस अवसर पर शिविर में कुल 51 युवाओं ने रक्तदान कर मानवता की भलाई में अहम योगदान दिया।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने ग्रामीणों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र दोनों को नुकसान पहुंचाता है । नशा राष्ट्र निर्माण की राह में बड़ी बाधा है । उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और देश का भविष्य उन्हीं के कंधों पर टिका है। एसपी ने कहा कि आज के आधुनिक दौर में युवाओं का नशे की ओर बढ़ता रुझान चिंता का विषय है । उन्होंने कहा कि नशा जीवन का नाश है और नई पीढ़ी को इससे दूर रखना समाज की साझा जिम्मेदारी है । एसपी ने कहा कि नशा छोड़ना कठिन है लेकिन मजबूत इच्छाशक्ति से इसे छोड़ा जा सकता है।

उन्होंने कहा कि यदि किसी के परिवार में कोई नशा करता है तो उसका इलाज करवाकर उसे मुख्यधारा में लाना चाहिए ।उन्होंने यह भी कहा कि नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी चाहे वह वर्दीधारी ही क्यों न हों । एसपी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग लगातार नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। अंत में उन्होंने सभी से सिरसा को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया ।कार्यक्रम में नामधारी गुरुद्वारा समिति जीवन नगर के सदस्य तथा अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर रक्तदाताओं का उत्साह देखने योग्य रहा और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
शिविर में स्वास्थ्य टीम ने रक्त संग्रह की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की । ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के इस सामाजिक प्रयास की सराहना की और इसे जनहित में महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे सामाजिक और मानवता से जुड़े कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे ताकि समाज में सेवा भावना को बढ़ावा मिल सके । नशामुक्त समाज बनाना लक्ष्य है
