रतलाम में रणथंभौर एक्सप्रेस के जनरल कोच से निकला धुआं और चिंगारियां, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

रतलाम में रणथंभौर एक्सप्रेस में तकनीकी गड़बड़ी से मचा हड़कंप

  • रिपोर्ट: प्राची सिंह

रतलाम (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में गुरुवार सुबह इंदौर-भगत की कोठी रणथंभौर एक्सप्रेस के एक जनरल कोच से धुआं और चिंगारियां निकलने की घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री के घायल होने या किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

लूनी-रिछा स्टेशन के पास दिखीं चिंगारियां
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इंदौर से जोधपुर जा रही रणथंभौर एक्सप्रेस (12465) सुबह करीब 9:45 बजे रतलाम जिले के लूनी-रिछा स्टेशन के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान ट्रेन के पिछले हिस्से में लगे एक जनरल कोच के पहियों के पास से धुआं और चिंगारियां निकलती दिखाई दीं।

स्थिति को गंभीर देखते हुए लोको पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी।

ट्रेन रुकते ही यात्री बाहर निकल आए
ट्रेन रुकने के बाद संबंधित कोच के नीचे से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। कई यात्री अपना सामान लेकर जल्दबाजी में ट्रेन से नीचे उतर गए और रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए।

कुछ देर के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो
घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें बड़ी संख्या में यात्री रेलवे पटरियों के बीच खड़े दिखाई दे रहे हैं।

बताया जा रहा है कि किसी यात्री ने ट्रेन में आग लगने की आशंका जताई थी, जिसके बाद लोगों ने एहतियातन कोच खाली कर दिया। घटना के दौरान समानांतर ट्रैक पर एक दूसरी ट्रेन भी खड़ी थी।

20 मिनट बाद ट्रेन को किया गया रवाना
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि रणथंभौर एक्सप्रेस का लूनी-रिछा स्टेशन पर निर्धारित ठहराव नहीं है। सूचना मिलने के बाद रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और पूरे कोच की विस्तृत जांच की गई।

करीब 20 मिनट तक ट्रेन को रोकने के बाद उसे सुरक्षित आगे के लिए रवाना कर दिया गया।

जांच के बाद सामने आएगी असली वजह
रेलवे के अनुसार, धुआं निकलने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती अनुमान है कि इमरजेंसी ब्रेक लगने के कारण पहियों और ब्रेक सिस्टम में घर्षण बढ़ने से यह स्थिति उत्पन्न हुई होगी, हालांकि वास्तविक कारण विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
गौरतलब है कि इससे पहले 17 मई को रतलाम जिले में लूनी-रिछा और विक्रमगढ़ स्टेशन के बीच राजधानी एक्सप्रेस (12431) के बी-1 एसी कोच में आग लगने की घटना सामने आई थी।

उस समय भी सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था और प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया था।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.