रामपुर: शंकरपुर बिजलीघर के जेई पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप, 15 दिन बाद नाबालिक कमरे से बरामद, आरोपी जेई को थाना शहजादनगर पुलिस ने भेजा जेल
- रिपोर्ट: शाहबाज़ खान
रामपुर। थाना शहजादनगर क्षेत्र में बिजली विभाग में तैनात एक जूनियर इंजीनियर (जेई) नरेंद्र सिंह पर 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 15 दिनों से लापता किशोरी को आरोपी के कमरे से बरामद कर लिया, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
परिजनों के अनुसार, उनकी नाबालिग बेटी अचानक घर से लापता हो गई थी। काफी तलाश के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिवार ने पुलिस से गुहार लगाई। शिकायत के आधार पर थाना शहजादनगर पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी व स्थानीय सूचनाओं के आधार पर किशोरी को आरोपी जेई नरेंद्र सिंह के कमरे से बरामद कर लिया।
घटना सामने आने के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है, वहीं क्षेत्र में भी मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में न्यायालय में पेश किए जाने पर आरोपी को जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद किशोरी के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है तथा जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। नाबालिग से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस हर पहलू को गंभीरता से जांच रही है।
