- रिपोर्ट: मंजय वर्मा
मीरजापुर। चुनार थाना पुलिस ने महिला से दुष्कर्म के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न थाना क्षेत्रों में 27 लोगों के खिलाफ निवारक कार्रवाई की गई है।
महिला की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस के अनुसार, 12 जून 2026 को एक महिला ने नामजद आरोपी के खिलाफ छेड़खानी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना चुनार में मुकदमा संख्या 258/2026 धारा 74 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मीरजापुर की पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) और क्षेत्राधिकारी चुनार के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुखबिर की सूचना पर आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम ने 17 जून 2026 को मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी प्रीतम कुमार उर्फ साजन, पुत्र धनई राम, निवासी ग्राम कुशहा, थाना चुनार को गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1) और 332(बी) के तहत कार्रवाई की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 27 लोगों पर कार्रवाई
जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के तहत 27 लोगों का चालान किया।
थानावार कार्रवाई का विवरण
कोतवाली शहर : 3 व्यक्ति
विंध्याचल : 2 व्यक्ति
पड़री : 7 व्यक्ति
कछवां : 1 व्यक्ति
लालगंज : 3 व्यक्ति
जिगना : 8 व्यक्ति
मड़िहान : 3 व्यक्ति
पुलिस प्रशासन ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
