- रिपोर्ट: मंजय वर्मा
प्रयागराज। जिले के मेजा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। कुकुरकटवा गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
पति-पत्नी समेत परिवार की एक अन्य महिला सदस्य की हत्या
मृतकों की पहचान श्यामलाल उर्फ कल्लू, उनकी पत्नी मंजू देवी और परिवार की एक अन्य महिला सदस्य (भाभी) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों की सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला कर हत्या की गई है।
घटना के बाद गांव में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बन गया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
सभी एंगल से जांच जारी, जल्द खुलासे का दावा
सहायक पुलिस आयुक्त मेजा एसपी उपाध्याय ने बताया कि ट्रिपल मर्डर की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस पूरे मामले की तह तक पहुंचने में जुटी हुई है।
