दिव्यांगजनों के लिए सिनेमाघरों में बढ़ेंगी सुविधाएं, मीरजापुर में संचालकों को दिए गए निर्देश
दृश्य और लिखित विवरण जैसी तकनीकी सुविधाएं होंगी उपलब्ध
- रिपोर्ट: मंजय वर्मा
मीरजापुर, 15 जून 2026। दिव्यांगजनों को सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स तक सुगम एवं सुविधाजनक पहुंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। माननीय उच्च न्यायालय, दिल्ली के आदेशों और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों के अनुपालन में जिले के सभी सिनेमाघरों एवं मल्टीप्लेक्स में विशेष सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
इन सुविधाओं में दृश्य-विवरण (ऑडियो डिस्क्रिप्शन) और लिखित विवरण (क्लोज्ड कैप्शनिंग) जैसी तकनीकी व्यवस्थाओं के साथ-साथ पर्याप्त यांत्रिक और भौतिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि दिव्यांगजन बिना किसी कठिनाई के फिल्मों का आनंद ले सकें।
सुविधाओं की जानकारी के लिए बनेगी हेल्पलाइन
प्रशासन की ओर से यह भी निर्देश दिया गया है कि उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देने के लिए एक हेल्पलाइन भी विकसित की जाए। इसके माध्यम से दिव्यांगजन आसानी से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
डीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक
इस संबंध में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में मीरजापुर के सभी एकल स्क्रीन और मल्टीप्लेक्स सिनेमाघरों के संचालकों एवं प्रबंधकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों में दिव्यांगजनों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु प्रेरित एवं निर्देशित किया गया।
सिनेमा संचालकों ने जल्द अनुपालन का दिया आश्वासन
बैठक में उपस्थित सभी सिनेमा संचालकों और प्रबंधकों ने आश्वासन दिया कि वे जल्द से जल्द अपने-अपने सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे तथा कार्य पूर्ण होने के बाद प्रशासन को इसकी जानकारी भी देंगे।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, सहायक आयुक्त जीएसटी ओम प्रकाश शुक्ला सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
