भूटान के पीएम तोबगे ने पीएम मोदी को बताया ‘मित्र, बड़े भाई और मार्गदर्शक’
मोदी की रिकॉर्ड उपलब्धि पर लिखा भावुक पत्र, दोनों देशों के रिश्तों को बताया और मजबूत
नई दिल्ली, 10 जून । भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दुनियाभर से बधाइयां मिल रही हैं। इसी क्रम में भूटान के प्रधानमंत्री त्शेरिंग तोबगे ने एक भावुक पत्र लिखकर पीएम मोदी को अपना “करीबी मित्र, बड़ा भाई और मार्गदर्शक” बताया।
तोबगे ने कहा कि 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद मोदी ने 4,399 दिनों का कार्यकाल पूरा कर भारतीय राजनीति में नया इतिहास रचा है। उनके अनुसार यह उपलब्धि न केवल भारत, बल्कि पूरी दुनिया के लिए लोकतांत्रिक विश्वास का प्रतीक है।
‘रिकॉर्ड से बढ़कर है यह रिश्ता’
भूटानी प्रधानमंत्री ने लिखा कि यह अवसर केवल एक राजनीतिक रिकॉर्ड का नहीं, बल्कि वर्षों में गहरी हुई दोस्ती को याद करने का भी है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता उन्हें लगातार प्रेरित करती है।
उन्होंने अपनी पहली मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा कि 2014 में मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में पहली बार उनसे मिलने पर उनकी आत्मीयता और सादगी ने गहरा प्रभाव छोड़ा था। बाद में यही परिचय गहरी मित्रता में बदल गया।
भूटान बनी थी मोदी की पहली विदेश यात्रा
तोबगे ने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए भूटान को चुना था। उनके अनुसार यह फैसला भारत-भूटान के विशेष संबंधों और भूटान के प्रति मोदी के स्नेह का स्पष्ट संदेश था।
उन्होंने बताया कि वर्षों के दौरान दोनों नेताओं के बीच विकास, शासन, क्षेत्रीय चुनौतियों और समाज से जुड़े कई विषयों पर नियमित चर्चा होती रही है। इन संवादों से उन्हें मोदी की दूरदर्शिता, नेतृत्व क्षमता और लोगों से जुड़ने की कला को करीब से देखने का अवसर मिला।
‘बराई भाई’ का सांस्कृतिक अर्थ बताया
तोबगे ने कहा कि दक्षिण एशियाई संस्कृति में “बड़ा भाई” केवल उम्र में बड़े व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि ऐसे व्यक्ति के लिए कहा जाता है जो मार्गदर्शन दे, कठिन समय में साथ खड़ा रहे और सफलता में खुशी साझा करे। उनके अनुसार पीएम मोदी में उन्होंने हमेशा यही गुण देखे हैं।
उन्होंने मोदी के मानवीय पक्ष का भी जिक्र किया। कहा कि व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी अक्सर उनके परिवार और बच्चों का हालचाल पूछते हैं तथा स्वास्थ्य, योग और संतुलित जीवनशैली पर अपने अनुभव साझा करते हैं।
भारत-भूटान संबंधों पर जताया भरोसा
तोबगे ने दोनों देशों के रिश्तों को विश्वास, सम्मान और सहयोग पर आधारित बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत-भूटान साझेदारी भविष्य में भी शांति, समृद्धि और साझा विकास के नए आयाम स्थापित करती रहेगी।
