करीब ढाई लाख रुपये के 12 हजार नशीले कैप्सूल सहित दो युवक काबू 

मेडिकल नशा बेचने वालों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करना ही सिरसा पुलिस की पहली प्राथमकिता:- एसपी दीपक सहारन  

ऐलनाबाद ,सिरसा 5 मई ( एम पी भार्गव ): जिला पुलिस ने नशा तस्करों एवं मेडिकल नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब ढाई लाख रुपये मूल्य के 12 हजार नशीले सिग्नेचर कैप्सूल बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि जिला की सीआईए सिरसा पुलिस एवं औषधि नियंत्रण विभाग की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर थाना रोड़ी क्षेत्र के गांव फागु में छापेमारी की। इस दौरान हैप्पी सिंह पुत्र भोला सिंह तथा सुनील कुमार पुत्र प्रेम कुमार को उनके घर से काबू किया गया । तलाशी के दौरान उनके कब्जे से नशे में प्रयुक्त होने वाले 12 हजार सिग्नेचर कैप्सूल बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है।
एसपी दीपक सहारन ने कहा कि मेडिकल नशे का अवैध कारोबार समाज के लिए गंभीर चुनौती है तथा इससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि मेडिकल नशा बेचने वालों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए जिला पुलिस प्रतिबद्ध है।

यह भी पढ़ें- सावधान ! साइबर ठगी का नया तरीका,फर्जी ई-चालान के जरिए साइबर ठग लोगों को लगा रहे है, चूना: एसपी दीपक सहारन 

उन्होंने बताया कि बरामद नशीली दवाइयों को आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए औषधि नियंत्रण विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को भी आगे की कार्रवाई हेतु ड्रग्स कंट्रोल विभाग के इंस्पेक्टर केशव वशिष्ठ एवं उनकी टीम को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। गौरतलब है कि जिला सीआईए पुलिस ने बीते सोमवार ब्रेजा कार सवार दो युवकों को करीब 20 लाख रुपए की 99,600 नशीली गोलियों व कैप्सूलों का जखीरा बरामद किया था ।

एसपी दीपक सहारन ने बताया कि मेडिकल नशा बेचकर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नही जाएगा । नशा तस्करों को काबू करने के लिए सिरसा ,ऐलनाबाद , डबवाली, एवं कालांवाली पुलिस बेहद सक्रिय है , एस पी सिरसा ने लोगों को सावधान करते हुए कहा है कि यदि नशा बेचने वाले किसी भी व्यक्ति के बारे पता लगता तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, इसके लिए ऐलनाबाद ,सिरसा,रानिया,डबवाली ,कालांवाली ,के पुलिस विभाग मुस्तैदी से कार्य कर रहे हैं ।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.