लक्ष्य शूटिंग स्पोर्ट्स अकादमी के खिलाड़ी 11वीं हरियाणा स्टेट शूटिंग चैम्पियनशिप के लिए चयनित

ऐलनाबाद, 3 जून(एम पी भार्गव): स्थानीय लक्ष्य शूटिंग स्पोर्ट्स अकादमी के खिलाड़ियों ने डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज, तुगलकाबाद, नई दिल्ली में आयोजित हुई 5वीं हरियाणा शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए आगामी 11वीं हरियाणा स्टेट शूटिंग चैम्पियनशिप 2026 के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया है। यह जानकारी देते हुए अकादमी के संचालक अमित फुटेला ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए उनकी अकादमी के जिन खिलाड़ियों का चयन हुआ है उनमें 10 मीटर पिस्टल इवेंट में वान्या अरोड़ा, अर्श अरोड़ा, तरणवीर सिंह रंधावा, मनीष सैनी, हर्ष व धैर्य शामिल हैं। वहीं 10 मीटर राइफल इवेंट में यश कुमार, मानवजीत सिंह, लविश कुमार, श्रेया, कनिष्का खोड, पायल व अमृतपाल सिंह शामिल है।

अमित फुटेला ने खिलाड़ियों, अभिभावकों और कोचिंग स्टाफ को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी अकादमी का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को शूटिंग में उच्च स्तर तक पहुंचाना है। उनकी अकादमी में खिलाड़ियों को सुरक्षित वातावरण, आधुनिक सुविधाएं और विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम लगातार देखने को मिल रहे हैं। यहां के खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन होना पूरे ऐलनाबाद क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि अन्य युवाओं को भी शूटिंग खेल से जुड़ने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेगी।

अकादमी के कोच राकेश कुमार ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर ऐलनाबाद और सिरसा जिले का नाम रोशन करेंगे। लक्ष्य शूटिंग स्पोर्ट्स अकादमी ने सभी चयनित खिलाड़ियों को आगामी 11वीं हरियाणा स्टेट शूटिंग चैम्पियनशिप 2026 के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.