गाजियाबाद और हापुड़ जिले के 25 युवा राष्ट्रीय बजरंग दल के शौर्य प्रशिक्षण वर्ग में भाग लेने के लिए आज मुजफ्फरनगर के खतौली के लिए रवाना हुए। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद की युवा शाखा राष्ट्रीय बजरंग दल द्वारा आयोजित यह प्रशिक्षण वर्ग 2 जून से 8 जून तक चलेगा, जिसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 20 जिलों के शिक्षार्थी हिस्सा लेंगे।
रवानगी के अवसर पर प्रदेश महामंत्री गौरव राघव ने कहा कि भारत का भविष्य युवाओं के हाथों में है और देश को महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज, भगत सिंह तथा चंद्रशेखर आजाद जैसे साहसी और राष्ट्रभक्त विचारों वाले युवाओं की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि शिविर में युवाओं को मानसिक, शारीरिक और बौद्धिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षार्थियों को रस्सी चढ़ना, जूडो-कराटे, बाधा दौड़, निशानेबाजी सहित विभिन्न गतिविधियों का अभ्यास कराया जाएगा। जिलाध्यक्ष पवन तोमर ने कहा कि मजबूत और प्रशिक्षित युवा ही राष्ट्र को सशक्त बना सकते हैं।
इस अवसर पर तहसील अध्यक्ष देवेंद्र ने सभी युवाओं का तिलक लगाकर मातृभूमि की रक्षा का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में शिवम चौहान, अभय तोमर, तुषार शुक्ला, आर्यन तोमर, हिमांशु शर्मा, देव तोमर, प्रत्युष तोमर, उदित शर्मा, कुलदीप तोमर सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
