लखीसराय में संभावित बाढ़ 2026 को लेकर हाई लेवल समीक्षा बैठक, तैयारियों का लिया गया जायजा

लखीसराय(सरफराज आलम)27 मार्च 2026 को प्रभारी सचिव लखीसराय -सह- सचिव योजना एवं विकास विभाग, बिहार,कँवल तनुज की अध्यक्षता में समाहरणालय लखीसराय स्थित मंत्रणा कक्ष में संभावित बाढ़ 2026 की पूर्व तैयारी के संबंध में एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक की विधिवत शुरुआत राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के सामूहिक गायन से की गई, जिससे वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत हो उठा।

बैठक में प्रभारी पदाधिकारी, आपदा प्रबंधन शशि कुमार द्वारा बाढ़ पूर्व तैयारियों से संबंधित विस्तृत जानकारी पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत कर की गई। उन्होंने जिले के विभिन्न प्रखंडों में आंशिक एवं पूर्ण रूप से बाढ़ प्रभावित होने वाले संभावित क्षेत्रों की जानकारी दी। साथ ही सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में वर्षा मापक यंत्र की उपलब्धता तथा उनके उपयोग के संबंध में भी बताया गया।
बैठक में विशेष रूप से संवेदनशील वर्गों जैसे बुजुर्ग, महिलाएं, गर्भवती महिलाएं एवं अन्य संकटग्रस्त व्यक्तियों की सुरक्षा एवं राहत व्यवस्था पर चर्चा की गई। जल संसाधन विभाग द्वारा तटबंधों की सुरक्षा हेतु बालू भरे बोरों के भंडारण एवं अन्य आवश्यक तैयारियों की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त लाइफ जैकेट, नावों की उपलब्धता, संचार व्यवस्था, खाद्यान्न आपूर्ति तथा आश्रय स्थलों की स्थिति की समीक्षा की गई।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा बाढ़ के दौरान चलंत चिकित्सा दल, चिकित्सा सुविधा, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता एवं चिकित्सकों की तैनाती संबंधी तैयारियों की जानकारी दी गई। पशुपालन विभाग द्वारा पशु चारा, पशु दवाएं एवं पशु शरण स्थलों की व्यवस्था पर प्रकाश डाला गया। साथ ही सामुदायिक रसोई, आश्रय स्थल, स्वच्छ पेयजल, चापाकलों की मरम्मती एवं सड़क मरम्मत की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

जिला पदाधिकारी द्वारा जिला आपातकालीन संचालन केंद्र की स्थापना, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के नियमित निरीक्षण, दवा आपूर्ति तथा अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि सभी आवश्यक संसाधनों की समय रहते उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

प्रभारी सचिव कँवल तनुज ने निर्देश दिया कि आवश्यकता अनुसार सामुदायिक रसोई एवं आश्रय स्थलों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि संभावित बाढ़ प्रभावित परिवारों की सूची अभी से तैयार कर ली जाए ताकि अनुदान वितरण में किसी प्रकार की देरी न हो। साथ ही उन्होंने लाइफ जैकेट एवं नावों की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ाने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त उन्होंने पॉलीथिन शीट, चापाकल मरम्मत, दवाओं की उपलब्धता एवं पशु चारा की निविदा प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश संबंधित विभागों को दिया। उनके द्वारा बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी तैयारियों का सतत अनुश्रवण किया जाए ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
बैठक में सभी विभागों को समन्वय स्थापित कर कार्य करने तथा बाढ़ आपदा के दौरान आमजन को त्वरित राहत प्रदान करने हेतु पूरी तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया,इसके साथ ही बिहार गीत गाकर बैठक का गरिमापूर्ण समापन किया गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार,उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, प्रभारी पदाधिकारी आपदा प्रबंधन लखीसराय शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.