बड़हिया रेफरल अस्पताल के नए भवन में शुरू हुई शिफ्टिंग,बिजली चालू होते ही तेज हुई प्रक्रिया,डीएम ने लिया जायजा
लखीसराय(सरफराज आलम)बड़हिया स्थित नवनिर्मित रेफरल अस्पताल भवन में बिजली व्यवस्था शुरू होते ही पुराने अस्पताल से नए भवन में शिफ्टिंग की प्रक्रिया मंगलवार से प्रारंभ कर दी गई। जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार,उप विकास आयुक्त एवं अपर समाहर्ता ने अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा नए अस्पताल भवन में विद्युत व्यवस्था चालू कराई गई। बिजली आपूर्ति नहीं होने के कारण अस्पताल को नए भवन में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया रुकी हुई थी। बिजली चालू होते ही शिफ्टिंग का कार्य शुरू कर दिया गया।
मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नए भवन में रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया भी प्रारंभ कराई गई। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि अस्पताल आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो तथा सभी स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
जिला पदाधिकारी ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सफाईकर्मियों की संख्या बढ़ाने, कार्यस्थल आवंटित करने तथा रोस्टर बनाकर नियमित कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अस्पताल निरीक्षण के बाद जिला पदाधिकारी डुमरी पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन पहुंचे, जहां पंचायत स्तरीय कर्मियों एवं ग्रामीणों के साथ सहयोग शिविर को लेकर बैठक की।
