केमरी पुलिस पर ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप, घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने व सामान फेंकने जैसे घर से बाइक ले जाने के पुलिस पर आरोप
- रिपोर्ट: शाहबाज़ खां
रामपुर : थाना केमरी क्षेत्र से एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां ग्रामीणों ने पुलिस पर उत्पीड़न और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं।
बताया जा रहा है कि ग्राम खानपुर कही निवासी जाहिद उम्र लगभग 60 वर्ष और सत्तार पुत्र अली हुसैन उम्र लगभग 65 वर्ष, जो कि बुजुर्ग और बीमार बताए जा रहे हैं, के खिलाफ थाना केमरी पुलिस द्वारा पूर्व में एक मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में दोनों को न्यायालय से जमानत मिल चुकी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जमानत मिलने के बाद भी थाना केमरी पुलिस लगातार उनके घर पहुंचकर दबाव बना रही है और प्रताड़ित कर रही है।

पीड़ित परिवार का कहना है कि दिनांक 26 मई 2026 की रात पुलिस गांव में पहुंची और जाहिद व सत्तार के घर में घुसकर मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान घर में रखा सामान, कूलर और अन्य घरेलू वस्तुओं में तोड़फोड़ भी की गई।
इतना ही नहीं, परिवार का आरोप है कि पुलिस जाते समय सत्तार के घर से मोटरसाइकिल नंबर UP 22 BD 9537 को भी अपने साथ ले गई।
ग्रामीणों का कहना है कि इस घटना के बाद गांव में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। वहीं पुलिस पर निर्दोष लोगों को परेशान करने और अवैध वसूली करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।
फिलहाल पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से करते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
