- रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव
डाला(सोनभद्र)। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच सोनभद्र के प्रसिद्ध मारकुंडी ईको प्वाइंट क्षेत्र में सामाजिक संगठन SSS परिवार ने बेजुबान वन्यजीवों की प्यास बुझाने के लिए सराहनीय पहल शुरू की है। संगठन द्वारा जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले वन्यजीवों, खासकर बंदरों के लिए ‘वन्यजीव जल सेवा अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विभिन्न स्थानों और त्रिकोण क्षेत्र में बड़े-बड़े जल पात्र रखे गए हैं, जिनमें नियमित रूप से स्वच्छ और ठंडा पानी भरा जा रहा है। इसके साथ ही बंदरों के लिए मौसमी फल और अन्य खाद्य सामग्री की भी व्यवस्था की गई है ताकि उन्हें भोजन और पानी के लिए भटकना न पड़े।
SSS परिवार के सदस्य सत्यम मिश्रा और शिवम मिश्रा ने बताया कि भीषण गर्मी में पहाड़ी और जंगल क्षेत्रों के प्राकृतिक जल स्रोत सूख जाते हैं, जिससे वन्यजीवों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इसी समस्या को देखते हुए टीम ने यह अभियान शुरू किया है ताकि बेजुबान जानवरों को राहत मिल सके और लोग भी प्रेरित होकर जल पात्रों में पानी भरने जैसी छोटी-छोटी जिम्मेदारियों को निभाएं। संगठन ने आम नागरिकों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों, छतों और सार्वजनिक स्थानों पर पशु-पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था जरूर करें। इस पहल की स्थानीय लोगों और मारकुंडी आने वाले सैलानियों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है।
