लखीसराय में फिर एक बार करोड़ों की सरकारी योजना चढ़ा भ्रष्टाचार की भेंट,विरोध करने पर जान मारने की धमकी दे रहे हैं संवेदक के गुंडे
लखीसराय(सरफराज आलम) लखीसराय नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 17 (बाईपास पुल के समीप) में बुडको (BUIDCO) द्वारा कराए जा रहे नाला और सड़क निर्माण का विवाद अब बेहद गंभीर और हिंसक मोड़ ले चुका है। निर्माण कार्य में बड़े पैमाने पर बरती जा रही अनियमितता और घटिया सामग्री के इस्तेमाल के खिलाफ आवाज उठाने पर संवेदक (रमन कंस्ट्रक्शन) के गुंडों द्वारा एक स्थानीय निवासी के घर पर चढ़कर सपरिवार जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर पीड़ित ने मंगलवार को कवैया थाना अध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए संवेदक और उनके गुंडों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
विरोध करने पर रात के अंधेरे में धमकाने पहुंचे हथियारबंद तत्व
कवैया थाना को दिए गए आवेदन में वार्ड संख्या 17, नया बाजार, बाईपास पुल (पिलर संख्या 31) के समीप के निवासी विन्देश्वरी भगत (पिता- स्वर्गीय सुखदेव भगत) ने बताया कि उनके घर के पास रमन कंस्ट्रक्शन द्वारा बुडको के सौजन्य से नाला सह सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर जानकारी मिलने के अनुसार, संवेदक द्वारा इस कार्य में अत्यंत घटिया स्तर की निर्माण सामग्री और दोयम दर्जे के ईंट-बालू का प्रयोग किया जा रहा है। इसके साथ ही, नियम ताक पर रखकर बिना किसी प्राक्कलित राशि के बोर्ड और बिना आधिकारिक नक्शा (ब्लूप्रिंट) दिखाए मनमाने ढंग से काम कराया जा रहा है।
पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने सार्वजनिक हित में इस घटिया निर्माण कार्य का विरोध किया, तो संवेदक बौखला गया। इसके बाद रात के अंधेरे में संवेदक के शह पर करीब 8 से 10 अज्ञात हथियारबंद गुंडे और गनमैन उनके निजी आवास पर धमक पड़े।
“विरोध किया तो पूरे परिवार को उतार देंगे मौत के घाट”
आवेदन के अनुसार, घर पर चढ़े अपराधियों ने पीड़ित विन्देश्वरी भगत को सीधे शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दोबारा नाला या सड़क निर्माण में किसी भी तरह की रुकावट डाली या सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल उठाया, तो तुम्हें तुम्हारे पूरे परिवार के साथ मौत के घाट उतार दिया जाएगा। इस अचानक हुए हमले और खौफनाक धमकी के बाद से पीड़ित का पूरा परिवार अत्यधिक डरा और सहमा हुआ है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि ठेकेदार के दबंगों की इस हरकत से उनके घर में भय का माहौल है और उन्हें अनहोनी की आशंका सता रही है।
