चौथा बड़ा मंगल आज, तुलसी के ये उपाय दिलाएंगे हनुमान जी और मां लक्ष्मी का आशीर्वाद

  • रिपोर्ट: प्राची सिंह

आज ज्येष्ठ माह का चौथा बड़ा मंगल है। वैसे तो हर मंगलवार हनुमान जी को समर्पित माना जाता है, लेकिन ज्येष्ठ महीने में आने वाले मंगलवार का महत्व और भी बढ़ जाता है। उत्तर भारत में इस दिन बजरंगबली की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है और इसे बेहद शुभ व फलदायी माना जाता है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार बड़ा मंगल पर पूजा के साथ कुछ विशेष उपाय करने से जीवन में सुख-समृद्धि आती है और संकट दूर होते हैं। खासतौर पर तुलसी से जुड़े उपाय इस दिन बहुत लाभकारी माने गए हैं।

ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक मंगलवार की शाम तुलसी के पौधे के सामने गाय के घी का दीपक जलाना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इससे मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं और हनुमान जी की कृपा भी प्राप्त होती है। इससे आर्थिक परेशानियां दूर होने की मान्यता है।

बड़ा मंगल की शाम तुलसी के 21 पत्तों को लाल कलावे में पिरोकर माला बनाएं और पूजा के दौरान हनुमान जी को अर्पित करें। धार्मिक मान्यता है कि ऐसा करने से जीवन के संकट और बाधाएं दूर होती हैं।

इसके अलावा हनुमान जी को तुलसी की 11 मंजरियां अर्पित कर उन्हें लाल कपड़े में बांधकर तिजोरी में रखने की भी परंपरा है। मान्यता है कि इससे घर में धन-धान्य की कमी नहीं रहती और सुख-समृद्धि बनी रहती है।

डिस्क्लेमर: यह जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामाजिक आस्थाओं पर आधारित है। इसकी सत्यता और सटीकता की पुष्टि स्वतंत्र रूप से नहीं की गई है। किसी भी उपाय को अपनाने से पहले विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.