लखीसराय(सरफराज आलम)नीट (NEET) पुनर्परीक्षा के शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर सोमवार को समाहरणालय में जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने की। बैठक में परीक्षा से जुड़ी तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रशासनिक प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी National Testing Agency (NTA) से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षा के सफल एवं पारदर्शी संचालन के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी केंद्राधीक्षकों को परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने, परीक्षार्थियों की सघन जांच सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में बताया गया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा सीसीटीवी निगरानी, जैमर व्यवस्था तथा प्रवेश के दौरान बायोमेट्रिक सत्यापन सहित सभी निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
बैठक में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार,एसडीएम प्रभाकर कुमार, स्थापना उपसमाहर्ता शशि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, सभी केंद्राधीक्षक, सिटी कोऑर्डिनेटर एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
