लखीसराय(सरफराज़ आलम)जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में रविवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में सहयोग शिविर को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे और आगामी सहयोग शिविर के सफल संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जानकारी दी गई कि आगामी सहयोग शिविर 2 जून 2026 को आयोजित होगा, जिसमें बिहार के माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के भ्रमण का प्रस्ताव है। इसे लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया।
जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित शिलान्यास, उद्घाटन, स्वीकृत राशि एवं कार्य प्रगति की अद्यतन सूची जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से 10:30 बजे के बीच सहयोग शिविर पोर्टल की समीक्षा करें तथा प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें। किसी भी आवेदन को लंबित नहीं रखने तथा जरूरत पड़ने पर संबंधित विभाग को तत्काल अग्रसारित करने का निर्देश भी दिया गया।
उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर की मॉनिटरिंग स्वयं मुख्यमंत्री स्तर से की जा रही है, इसलिए सभी अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करना होगा।
बैठक में पंचायत स्तर पर कार्यरत कर्मियों को प्रतिदिन पंचायत सरकार भवन में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया। जहां बायोमेट्रिक सुविधा उपलब्ध है वहां बायोमेट्रिक से तथा अन्य जगहों पर पंजी के माध्यम से उपस्थिति दर्ज की जाएगी।
साथ ही अधिकारियों को पंचायत सरकार भवनों में जाकर ऑन-द-स्पॉट मामलों का निष्पादन करने का भी निर्देश दिया गया, ताकि आम जनता को त्वरित लाभ मिल सके।
बैठक में जिला बंदोबस्त पदाधिकारी मो. मुस्तकीम, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, वरीय उपसमाहर्ता शशि कुमार, भूमि सुधार उपसमाहर्ता राहुल कुमार, सिविल सर्जन जयप्रकाश सिंह, नजारत उप समाहर्ता प्राची कुमारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
