- रिपोर्ट- मंजय वर्मा
मिर्जापुर पुलिस ने 22 मई 2026 को जिलेभर में चलाए गए अभियान के तहत कई बड़ी कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म, चोरी और वाहन चोरी के मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिलें, आभूषण, मोबाइल फोन और अन्य सामान भी बरामद किया है।
थाना विंध्याचल पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के मामले में अभियुक्त भरत गौतम को गिरफ्तार किया। आरोपी पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
वहीं थाना जमालपुर पुलिस ने दो चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ दो बाल अपचारियों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की गई।
थाना मड़िहान पुलिस ने घरों में चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के आभूषण, पीतल के बर्तन, मोबाइल फोन, पासबुक और आधार कार्ड बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
इसी क्रम में थाना कोतवाली देहात पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करते हुए एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया। पुलिस ने उसे बाल सुधार गृह भेज दिया।
थाना राजगढ़ पुलिस ने दुकान में सेंधमारी कर मोबाइल चोरी करने के मामले में वांछित आरोपी शंख लाल को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से चोरी का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
इसके अलावा जिले में चलाए जा रहे अभियान के तहत मीरजापुर पुलिस ने कुल सात वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न थाना क्षेत्रों में 30 व्यक्तियों का बीएनएसएस की धाराओं में चालान भी किया गया।
