एटा, 22 मई 2026। जनपद एटा के मलावन स्थित जेटीपीपी (JTPP) प्लांट परिसर में शुक्रवार पूर्वाह्न अचानक आग लगने की घटना से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्लांट के लकड़ी स्क्रैप यार्ड में लगी आग ने देखते ही देखते धुआं और लपटों का रूप लेना शुरू कर दिया, जिससे मौके पर मौजूद कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों में हलचल बढ़ गई। हालांकि समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को लगभग सुबह 11:30 बजे किन्हीं अज्ञात कारणों से प्लांट के लकड़ी स्क्रैप यार्ड में आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही CISF यूनिट जेटीपीपी मलावन की फायरिंग विंग एवं सुरक्षा विंग तत्काल सक्रिय हो गई। सूचना मिलते ही सुरक्षा बल के जवान आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे और व्यवस्थित तरीके से राहत एवं नियंत्रण कार्य शुरू कर दिया।
आग की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर एहतियाती कदम उठाए, ताकि आग आसपास के हिस्सों तक न फैल सके। फायरिंग विंग और सुरक्षा टीम के सदस्यों ने संयुक्त रूप से त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाने में सफलता हासिल की। जवानों की सतर्कता और सूझबूझ के चलते संभावित बड़ा हादसा होने से बच गया।
CISF की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार घटना में किसी प्रकार की जनहानि या माल के नुकसान की संभावना नहीं पाई गई है। आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है और प्लांट परिसर की स्थिति सामान्य है। घटना के बाद संबंधित अधिकारी आग लगने के कारणों की जांच में जुट गए हैं।
