रामपुर जनपद की बिलासपुर तहसील के मुख्य चौराहे पर गुरुवार रात महाराजा अग्रसेन की भव्य प्रतिमा का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में नितिन अग्रवाल ने प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान बलदेव सिंह औलख, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में वैश्य समाज के लोग मौजूद रहे।
महाराजा अग्रसेन सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित समारोह में प्रतिमा का अनावरण होते ही पूरा चौराहा जयकारों से गूंज उठा। लोगों ने आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया। कार्यक्रम के दौरान नितिन अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर चौक पर स्थापित शिलापट्ट का भी अनावरण किया।
समारोह को संबोधित करते हुए नितिन अग्रवाल ने कहा कि वैश्य समाज आर्थिक रूप से सशक्त है, लेकिन उसे राजनीतिक रूप से भी मजबूत बनने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार वैश्य समाज के सम्मान और विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। साथ ही उन्होंने महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
वहीं बलदेव सिंह औलख ने इस समारोह को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व बताते हुए कहा कि ऐसी प्रेरणादायक प्रतिमाएं नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का कार्य करती हैं।
नगर पालिका परिषद बिलासपुर के अध्यक्ष चित्रक मित्तल ने कहा कि नगर में अन्य महापुरुषों की स्मृति में भी चौक और स्मारकों का निर्माण कराया जाएगा, ताकि लोग उनके आदर्शों से प्रेरणा ले सकें।
कार्यक्रम में भाजपा नेताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी रही। समारोह का समापन महाराजा अग्रसेन के आदर्शों पर चलने के संकल्प के साथ हुआ।
