उत्तर प्रदेश के रामपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही गोली ने पति-पत्नी की जिंदगी खत्म कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार एक कारोबारी अपनी लाइसेंसी राइफल की सफाई कर रहा था। इसी दौरान अचानक राइफल से गोली चल गई। गोली पहले कारोबारी के गले को चीरती हुई पीछे खड़ी उसकी पत्नी की गर्दन के पार निकल गई। हादसा इतना भयावह था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
गोली चलने की आवाज सुनकर बेटा और बेटी छत की ओर दौड़े। वहां खून से लथपथ माता-पिता के शव पड़े देख उनके होश उड़ गए। घटना के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। रामपुर एसपी सोमेंद्र मीणा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच के आधार पर एसपी ने बताया कि राइफल साफ करते समय अचानक फायर हुआ। राइफल से केवल एक ही राउंड चला, जिसने पति-पत्नी दोनों की जान ले ली।
पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य वजह, इसका जल्द खुलासा किया जाएगा।
