रामपुर के थाना शहजादनगर क्षेत्र में रेलवे कर्मचारी ने पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने युवक का शव पेड़ से लटका देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सुनील के रूप में हुई है, जो मूल रूप से इटावा का रहने वाला बताया जा रहा है। वह थाना शहजादनगर क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर रेलवे में नौकरी करता था। बताया जा रहा है कि सुनील ने घर के पीछे स्थित पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक Anurag Singh ने बताया कि थाना शहजादनगर क्षेत्र में रेलवे कर्मचारी सुनील द्वारा पेड़ से लटककर आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
