यूपी में भीषण गर्मी का कहर, 23 मई तक लू का अलर्ट जारी

  • रिपोर्ट- मंजय वर्मा

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 18 मई से प्रदेश में तापमान और बढ़ेगा तथा 19 से 23 मई तक कई जिलों में लू का प्रकोप तेज रहेगा। बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया, जहां तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर समेत कई शहरों में उमस और तेज गर्मी से लोग परेशान हैं। बुंदेलखंड और आसपास के इलाकों में तेज गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। झांसी, बांदा, हमीरपुर और आगरा जैसे जिलों में हीटवेव का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग ने दोपहर के समय घर से बाहर निकलने में सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है। पश्चिमी यूपी में तीखी गर्म हवाएं लगातार चल सकती हैं, जबकि पूर्वी यूपी के दक्षिणी हिस्सों में भी लू का असर बना रहेगा।

रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही। हालांकि 20 मई के बाद पूर्वी उत्तर प्रदेश के मौसम में कुछ बदलाव के संकेत मिले हैं। गोरखपुर, देवरिया समेत कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और धूल भरी आंधी की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वांचल के कुछ हिस्सों में बादल छाने और हल्की बारिश होने के आसार हैं, लेकिन फिलहाल भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद कम है। प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा और लू लोगों की मुश्किलें बढ़ाती रहेगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.