- रिपोर्ट- विनोद मित्तल
हरियाणा बोर्ड की 12वीं की परीक्षा में बल्लभगढ़ की बेटी वंशिका यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 96.6 प्रतिशत अंक हासिल कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन किया है। वंशिका ने फरीदाबाद जिले में टॉप कर सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था को नई पहचान दिलाई है।
बल्लभगढ़ के गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा वंशिका यादव ने कॉमर्स विषय से 12वीं की परीक्षा दी थी। अपने मेहनत और लगन के दम पर उसने बेहतरीन अंक हासिल कर एक नया रिकॉर्ड कायम किया है।
वंशिका की सफलता इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि आज के समय में जहां लोग निजी स्कूलों में बच्चों का दाखिला कराने के लिए भारी फीस खर्च करते हैं, वहीं सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली इस छात्रा ने साबित कर दिया कि सरकारी स्कूलों में भी शिक्षा का स्तर लगातार बेहतर हो रहा है।
अपनी सफलता का श्रेय वंशिका ने अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। उसने कहा कि वह आगे पढ़ाई जारी रखते हुए सीए बनना चाहती है।
वहीं गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल बल्लभगढ़ के प्रिंसिपल ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस बार स्कूल का परीक्षा परिणाम बेहद अच्छा रहा है। वंशिका यादव ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर स्कूल और पूरे क्षेत्र का नाम गर्व से ऊंचा किया है।
