एटा। मदर्स डे के अवसर पर जनपद के कासगंज रोड स्थित वृद्ध आश्रम में समाज सेवा और संवेदनशीलता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। समाजसेवी अनुज चौहान एवं उनकी टीम ने वृद्ध आश्रम पहुँचकर वहां रह रहीं मातृशक्ति के साथ मदर्स डे मनाया। कार्यक्रम के दौरान सभी वृद्ध महिलाओं का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया तथा उन्हें नई साड़ियां और उपहार भेंट किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे क्षेत्राधिकारी (सीओ) संजय सिंह ने वृद्धजनों का हालचाल जाना और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि वृद्ध आश्रम में रह रहे सभी बुजुर्ग कभी स्वयं को अकेला न समझें, समाज और पुलिस प्रशासन हर समय उनके साथ खड़ा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी आवश्यकता पड़ने पर खाकी उनकी सेवा के लिए सदैव तत्पर रहेगी।
समाजसेवी अनुज चौहान ने बताया कि जल्द ही वृद्ध आश्रम में एक विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कराया जाएगा, जिसमें सभी वृद्धजनों को निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि कोरोना काल से ही उनकी टीम लगातार जरूरतमंदों की सहायता एवं सेवा कार्यों में जुटी हुई है और आगे भी यह सिलसिला निरंतर जारी रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान सभी वृद्ध माताओं को जलपान एवं केक वितरित किया गया। मदर्स डे का यह आयोजन पाकर वृद्ध आश्रम की माताएं भावुक हो उठीं। उन्होंने कहा कि अपने परिवार से दूर रहते हुए भी आज उन्हें अपनों जैसा स्नेह और सम्मान मिला, जिससे उन्हें बेहद खुशी हुई। सभी माताओं ने आयोजकों को आशीर्वाद देते हुए इस पहल की सराहना की।
इस अवसर पर अनुज चौहान, भूपेन्द्र चौहान, सुधीर चौहान, ब्रिगेंद्र चौहान, नीरज गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
