नवाब फूड पान दरीबा पर रामपुर वासियों को परोसा जा रहा है गंदा खाना, जिम्मेदार अधिकारी मौन, ऐसे होटल पर आखिर कब होगी कार्रवाई

रामपुर। शहर के पान दरीबा रोड स्थित नवाब फूड पर गंदगी के बीच लोगों को खाना परोसे जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि होटल में साफ-सफाई के मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ हो सकता है।

स्थानीय लोगों के अनुसार होटल में टॉयलेट के पास ही बर्तन रखे जा रहे हैं और वहीं बर्तन धोने का काम भी किया जा रहा है। इसी स्थान के आसपास ग्राहकों को खाना परोसा जा रहा है। मामले की तस्वीरें सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। गर्मी के मौसम में इस तरह की लापरवाही से फूड प्वाइजनिंग, हैजा और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।

लोगों का कहना है कि संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। आरोप है कि खाद्य सुरक्षा विभाग को मामले की जानकारी देने के बावजूद गंभीरता नहीं दिखाई गई। फूड विभाग के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार शर्मा को मामले से अवगत कराए जाने की बात कही जा रही है, लेकिन कार्रवाई न होने से विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

अब निगाहें जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी पर टिकी हैं कि प्रशासन इस मामले को कितना गंभीरता से लेता है और होटल-रेस्टोरेंट में स्वच्छता मानकों के उल्लंघन पर क्या कार्रवाई करता है। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि शहर के होटल और रेस्टोरेंट्स की नियमित जांच कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम लोगों की सेहत सुरक्षित रह सके।

 

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.