पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. चौधरी अजीत सिंह जी की पुण्यतिथि के अवसर पर गरिमामयी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन

राष्ट्रीय लोक दल जनपद रामपुर द्वारा किसान मसीहा, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. चौधरी अजीत सिंह जी की पुण्यतिथि के अवसर पर जिला कार्यालय, शोकत अली रोड, रामपुर पर एक गरिमामयी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शाहिद हुसैन ने की। सभा के प्रारंभ में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्व.चौधरी अजीत सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष शाहिद हुसैन ने अपने संबोधन में कहा कि चौधरी अजीत सिंह ने अपना संपूर्ण जीवन किसानों, मजदूरों एवं समाज के वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित किया। उनके संघर्ष, सादगी और दूरदर्शी नेतृत्व ने देश की राजनीति में एक अलग पहचान स्थापित की, जिसे सदैव याद रखा जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में एनडीए को ऐतिहासिक जीत मिली है और निरंतर एनडीए गठबंधन प्रगति के पथ पर अग्रसर है। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं।

किसान प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार बलजीत सिंह बिट्टू ने कहा कि चौधरी साहब किसानों के सच्चे हितैषी थे और उनकी नीतियां आज भी किसानों के लिए मार्गदर्शक हैं।

रुहैलखण्ड की महासचिव सुमन सिंह परिहार ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि चौधरी अजीत सिंह जी का व्यक्तित्व सरल, संवेदनशील और जनहित के प्रति समर्पित था, जो सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष कुलदीप कौर ने कहा कि चौधरी साहब ने महिलाओं को सम्मान और भागीदारी दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।

रामपुर नगर अध्यक्ष नवाब खां ने भी अपने विचार रखते हुए उनके योगदान को याद किया और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष कलावती शर्मा सहित सुहैल खान, शंकर लाल लोधी, जर्नैल सिंह, अवतार सिंह, रामस्वरूप आदि समस्त पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सभा का समापन चौधरी अजीत सिंह के आदर्शों को अपनाने एवं संगठन को मजबूत करने के संकल्प के साथ हुआ।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.