- रिपोर्ट- पंकज झा
वाराणसी में स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध की आवाज तेज होती जा रही है। समाजवादी पार्टी महिला सभा के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने भिखारीपुर स्थित पूर्वांचल विद्युत निगम लिमिटेड (PVVNL) के एमडी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व रीबू श्रीवास्तव, संगीता पटेल और शशि यादव ने किया।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग पर स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ताओं से मनमानी वसूली और बिना सहमति के मीटर लगाने का आरोप लगाया। इस मौके पर विभाग के अधिकारी राकेश कुमार को ज्ञापन सौंपते हुए स्मार्ट मीटर को तत्काल हटाने और उपभोक्ताओं से वसूली गई रकम वापस करने की मांग की गई। रीबू श्रीवास्तव ने सवाल उठाया कि केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित बजट से अधिक राशि का टेंडर जारी कर प्रदेश की जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ क्यों डाला गया। वहीं संगीता पटेल ने कहा कि गरीबों को “पहले रिचार्ज, फिर बिजली” जैसी व्यवस्था में धकेला जा रहा है, जो अन्यायपूर्ण है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अन्य राज्यों की तुलना में उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर की कीमत अधिक वसूली जा रही है।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी सवाल उठाया कि जब बिना उपभोक्ता की सहमति के स्मार्ट मीटर लगाने पर सवाल उठाए जा चुके हैं, तो फिर किस आधार पर इन्हें लगाया जा रहा है।
इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल रहे। स्मार्ट मीटर का मुद्दा अब वाराणसी में एक बड़ा राजनीतिक विषय बनता नजर आ रहा है।
