ड्रग्स कंट्रोल विभाग एवं पुलिस की संयुक्त पुलिस टीमों ने ऐलनाबाद क्षेत्र के मेडिकल स्टोर का औचक निरीक्षण किया  

ऐलनाबाद  (एम पी भार्गव)>  जिला पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के निर्देशानुसार जिले में नशा तस्करों एवं नियमों का उल्लंघन करने वाले मेडिकल स्टोर संचालकों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत आज ऐलनाबाद क्षेत्र में ड्रग्स कंट्रोल विभाग और ऐलनाबाद की पुलिस की संयुक्त टीमों द्वारा विभिन्न मेडिकल स्टोरों पर औचक छापेमारी कर निरीक्षण किया गया। इस दौरान टीमों ने मेडिकल स्टोरों पर दवाइयों के स्टॉक, रिकॉर्ड तथा बिक्री संबंधी दस्तावेजों की गहन जांच की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेडिकल संचालकों को सख्त हिदायत दी कि बिना डॉक्टर की अधिकृत पर्ची के किसी भी प्रकार की दवा, विशेषकर नशीली व प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री न करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी मेडिकल स्टोर पर नियमों की अवहेलना करते हुए बिना वैध पर्ची के दवाइयों की बिक्री पाई जाती है, तो संबंधित संचालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि आमजन के स्वास्थ्य और युवाओं को नशे से बचाने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।‌ इस संयुक्त कार्रवाई में ड्रग इंस्पेक्टर सुनील, केशव वशिष्ठ, डीएसपी सुभाष चंद्र तथा ऐलनाबाद थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर प्रगट सिंह सहित अन्य पुलिस कर्मी उपस्थित रहे। जिला पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे नशा मुक्त समाज बनाने में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.