100 करोड़ की जमीन पर चला बुलडोज़र: गऊघाट में रेलवे का बड़ा एक्शन, 6500 वर्गमीटर भूमि अतिक्रमण से मुक्त
- रिपोर्ट- पकंज झा
वाराणसी। प्रयागराज में रेलवे प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ एक बड़ा और सख्त अभियान चलाते हुए गऊघाट क्षेत्र में अपनी कीमती भूमि को कब्जामुक्त कराया। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व में शनिवार को यह कार्रवाई प्रयागराज जंक्शन परिक्षेत्र में सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई। अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार के समन्वय और जिला प्रशासन के सहयोग से चले इस अभियान में रेलवे, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और सिविल प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही। पूरी कार्रवाई को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से पूरा किया गया। अभियान के दौरान करीब 6500 वर्ग मीटर रेलवे भूमि, जिस पर अवैध कब्जा किया गया था, को खाली कराया गया। इस भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 100 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। रेलवे के अनुसार, यह कदम न केवल सरकारी संपत्ति की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि भविष्य में उसके बेहतर उपयोग को भी सुनिश्चित करेगा।
इस अभियान में मंडल इंजीनियर (एस्टेट) वी.के. त्रिपाठी, सहायक मंडल इंजीनियर प्रवीन कुमार श्रीवास्तव और रामचंद्र सिंह, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता शशिकांत तिवारी और सत्य प्रकाश सहित इंजीनियरिंग विभाग के लगभग 20 कर्मचारी शामिल रहे। वहीं, रेलवे सुरक्षा बल की ओर से सहायक सुरक्षा आयुक्त सुरेश यादव और प्रभारी निरीक्षक अमित मीणा अपने लगभग 24 कर्मियों के साथ मौके पर तैनात रहे।जिला प्रशासन और सिविल पुलिस की ओर से सहायक पुलिस आयुक्त (अतरसुइया) निकिता श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार राजेश कुमार यादव के साथ कई थानों की पुलिस फोर्स भी मौजूद रही, जिससे पूरे अभियान को सुरक्षा और मजबूती मिली। रेलवे प्रशासन ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि रेलवे की जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा पूरी तरह गैरकानूनी है और भविष्य में भी ऐसे अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
