- रिपोर्ट: अजीत पाण्डेय
बभनी(सोनभद्र)। बभनी क्षेत्र के जिगनहवा गांव निवासी अजय जायसवाल की पुत्री कुमारी प्रीति जायसवाल ने कक्षा 10वीं में 97.20% अंक हासिल कर पूरे जिले में टॉप करने का दावा करते हुए अपने विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। डीएवी पब्लिक स्कूल रिंहद नगर बीजपुर की छात्रा प्रीति की इस उपलब्धि से पूरे इलाके में खुशी का माहौल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि वह रोज अपने गांव से बीजपुर तक पढ़ाई के लिए आना-जाना करती थीं और अपनी मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया।
प्रीति के पिता अजय जायसवाल गांव में रोजगार सेवक हैं, जिन्होंने कठिन परिश्रम कर अपनी बेटी को बेहतर शिक्षा दिलाने का प्रयास किया। बातचीत में उन्होंने भावुक होकर कहा कि उन्हें अपनी बेटी पर गर्व है और वह आगे चलकर आईएएस बनकर देश और जिले का नाम रोशन करे, यही उनकी इच्छा है। वहीं प्रीति जायसवाल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार और गुरुजनों के आशीर्वाद को दिया और आईएएस बनकर देश सेवा करने का लक्ष्य बताया। इस मौके पर समाज सेवी सतीश जायसवाल, प्रमुख प्रतिनिधि राकेश सिंह और प्रधान संघ अध्यक्ष जगदीश सिंह ने घर पहुंचकर मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
