रंगोली से सिखाया जा रहा पोषण का राज… लखीसराय में बच्चों की बदल रही है आदत

लखीसराय(सरफराज आलम)जिले में 9 से 23 अप्रैल 2026 तक चल रहे “पोषण पखवाड़ा” के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में एक केंद्र पर महिलाओं और बच्चों की भागीदारी के साथ “पोषण चौपाल” का आयोजन किया गया, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया।कार्यक्रम के दौरान रंगोली के माध्यम से संतुलित आहार और पोषक तत्वों का बेहद आकर्षक प्रदर्शन किया गया। इस पहल के जरिए महिलाओं और बच्चों को पोषण के महत्व को आसान और दिलचस्प तरीके से समझाया गया। साथ ही मातृ एवं शिशु पोषण, संतुलित आहार और बच्चों के समग्र विकास से जुड़ी जरूरी जानकारियां भी साझा की गईं।विशेष रूप से कुपोषण की रोकथाम, बच्चों की नियमित जांच और स्वास्थ्य निगरानी पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में शामिल महिलाओं को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य पदार्थों से पौष्टिक आहार बनाने के लिए प्रेरित किया गया।इसी दौरान बच्चों के लिए खेल-आधारित गतिविधियों और योग/व्यायाम का आयोजन भी किया गया। बच्चों ने सामूहिक रूप से योग, स्ट्रेचिंग और शारीरिक गतिविधियों में हिस्सा लिया, जिससे उनके शारीरिक और मानसिक विकास को बढ़ावा मिल रहा है।जिला प्रशासन का मानना है कि इस तरह की गतिविधियों के जरिए समाज में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने के लिए लोग प्रेरित होंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.