बदायूं में धूमधाम से मनाई गई अंबेडकर जयंती, वक्ताओं ने शिक्षा और समानता पर दिया जोर

बदायूं। ज़िला अपराध निरोधक कमेटी एवं डीएनटी महासभा के संयुक्त तत्वाधान में सहसवान तहसील के थाना मुजरिया क्षेत्र के ग्राम कोल्हाई में डॉ. भीमराव अंबेडकर के 135वें जन्मोत्सव समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दर्जा राज्यमंत्री ओमप्रकाश नायक (सदस्य, अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग) एवं सेवानिवृत्त कारागार अधीक्षक आचार्य डॉ. उमेश सिंह शामिल हुए। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला सचिव/जेल विजिटर मुहम्मद शमसुद्दीन शम्स मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष मुहम्मद खिजर अहमद (सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य) ने की।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के शॉल ओढ़ाकर, पट्टिका व माल्यार्पण कर भव्य स्वागत से हुई। इसके बाद अतिथियों ने बाबा साहब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

मुख्य अतिथि ओमप्रकाश नायक ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब ने समाज में समानता, न्याय और संविधान निर्माण में अतुलनीय योगदान दिया, जो सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने हर वर्ग को अधिकार दिलाने के लिए उनके संघर्ष को याद किया।

आचार्य डॉ. उमेश सिंह ने कहा कि बाबा साहब के विचार आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं और उनके आदर्शों को अपनाकर ही एक समरस एवं सशक्त भारत का निर्माण संभव है।

मुहम्मद शमसुद्दीन शम्स ने बाबा साहब के जीवन को संघर्ष, समर्पण और समाज सेवा का प्रतीक बताते हुए कहा कि शिक्षा ही सामाजिक बुराइयों से लड़ने का सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने बाबा साहब के प्रसिद्ध विचारों को दोहराते हुए शिक्षा के महत्व पर जोर दिया।

अध्यक्षता कर रहे मुहम्मद खिजर अहमद ने कहा कि डॉ. अंबेडकर समानता और सामाजिक न्याय के प्रबल समर्थक थे। उनके विचार आज भी समाज को शिक्षा और जागरूकता की दिशा में प्रेरित करते हैं।

विशिष्ट अतिथि रंजीत वाल्मीकि ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने शिक्षा, समाज और राजनीति को नई दिशा दी, जो आज भी प्रासंगिक है।

समारोह के अंत में कार्यक्रम संयोजक डॉ. नेत्रपाल सिंह शैलानी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और बाबा साहब के विचारों को जीवन में उतारने का आह्वान किया।

इस अवसर पर थाना प्रभारी विदेश कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक विश्वदेव सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन रक्षपाल नायक ने किया।

कार्यक्रम के बाद सभी अतिथियों ने ग्राम ढकपुरा मीरापुर पहुंचकर बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.